home page

शिमला : तीन अलग-अलग कार्रवाई में 28.5 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
शिमला : तीन अलग-अलग कार्रवाई में 28.5 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 17 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर की गई तीन कार्रवाई में कुल 28.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मामले में नकद 12,100 रुपये भी बरामद किए हैं, जबकि एक वाहन को कब्जे में लिया गया है। सभी मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है और जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना जुब्बल की टीम ने हाटकोटी क्षेत्र में एक वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड में छिपाकर रखा गया करीब 8.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस मामले में जुब्बल निवासी 28 वर्षीय मोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया।

आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

इसी दिन जुब्बल पुलिस ने सरस्वती नगर क्षेत्र में एक निजी स्थान पर छापेमारी की। वहां से 26 वर्षीय रविन्द्र कुमार, निवासी घुमारवीं जिला बिलासपुर, के कब्जे से करीब 10 ग्राम चिट्टा और 12,100 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह रकम नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित धनराशि प्रतीत होती है। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

एक अन्य मामले में 14 जुलाई को स्पेशल सेल शिमला ने पुलिस चौकी शोघी के पास एक वाहन की तलाशी लेकर 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर निवासी प्रीतम वर्मा चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर शिमला आ रहा है। सूचना के आधार पर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। आरोपी के बैग से करीब 10 ग्राम चिट्टा बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस तीनों मामलों में यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। सभी मामलों की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा