home page

हिमाचल में तीन साल में चिट्टा तस्करी के 3,227 मामले, 5,866 गिरफ्तार, 45.86 करोड़ की संपत्ति जब्त

 | 
हिमाचल में तीन साल में चिट्टा तस्करी के 3,227 मामले, 5,866 गिरफ्तार, 45.86 करोड़ की संपत्ति जब्त


शिमला, 22 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान चिट्टा तस्करी के 3,227 मामले दर्ज हुए हैं और 5,866 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी से अर्जित 45.86 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति भी जब्त की है। सबसे अधिक 600 मामले शिमला जिले में दर्ज हुए, जहां 1,261 गिरफ्तारियां की गईं। राज्य सरकार ने ये आंकड़ा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सदन में रखा।

तीसरे साल में 1,388 मामले दर्ज

सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2 नवंबर 2023 से 1 नवंबर 2024 तक चिट्टा तस्करी के 794 मामले दर्ज हुए और 1,373 आरोपी गिरफ्तार किए गए। अगले वर्ष 1,045 मामलों में 1,952 गिरफ्तारियां हुईं। वहीं, 2 नवंबर 2025 से 1 नवंबर 2026 तक 1,388 मामले दर्ज हुए और 2,541 आरोपी गिरफ्तार किए गए। जिलावार आंकड़ों में बिलासपुर 445 मामलों और 717 गिरफ्तारियों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। मंडी में 314 मामले और 552 गिरफ्तारियां, कांगड़ा में 282 मामले और 529 गिरफ्तारियां तथा सोलन में 245 मामले और 542 गिरफ्तारियां दर्ज की गईं। ऊना में 245, नूरपुर में 223 और सिरमौर में 198 मामले सामने आए।

नूरपुर में सबसे अधिक संपत्ति जब्त

तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई में नूरपुर पुलिस जिला सबसे आगे रहा। यहां 13.37 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। शिमला में 10.96 करोड़ और सोलन में 10.05 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हुई। सिरमौर में 3.20 करोड़, बद्दी में 2.98 करोड़ और कांगड़ा में 2.75 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वर्षवार देखें तो पहले साल 8.57 करोड़, दूसरे साल 15.36 करोड़ और तीसरे साल 21.93 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हुई। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई।

225 आदतन तस्करों को हिरासत में लिया

सरकार के अनुसार बार-बार नशा तस्करी करने वाले 225 आरोपियों को पिछले तीन वर्षों में पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है। तस्करी की सूचना देने के लिए ड्रग फ्री हिमाचल मोबाइल ऐप शुरू किया गया है, जिस पर पहचान बताए बिना सूचना दी जा सकती है। 15 नवंबर 2025 से शुरू एंटी-चिट्टा अभियान के तहत नाकाबंदी, छापेमारी, स्कूल-कॉलेजों के आसपास जांच, मेडिकल स्टोर और दवा निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिक नशा प्रभावित पंचायतों में समितियां बनाई जा रही हैं। एसटीएफ, जिला पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की 93 फ्लाइंग स्क्वाड भी अभियान में शामिल हैं।

एसटीएफ के 13 थाने अधिसूचित

सरकार ने वर्ष 2025 में नशा तस्करी और संगठित अपराधों से निपटने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) बनाई है। इसके 13 पुलिस थाने अधिसूचित किए गए हैं। फिलहाल शिमला, मंडी और कांगड़ा में तीन रेंज स्तरीय एसटीएफ थाने कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त गवाह संरक्षण योजना 2026, सीसीटीवी निगरानी, रात की गश्त, 112 आपातकालीन सेवा और स्कूल कनेक्ट पहल के माध्यम से अपराध रोकने के कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा