home page

शिमला : छह ग्राम चिट्टे के साथ तीन गिरफ्तार, रिमांड पर भेजे

 | 
शिमला : छह ग्राम चिट्टे के साथ तीन गिरफ्तार, रिमांड पर भेजे


शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन युवकों को करीब छह ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों युवक संजौली के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

पुलिस के अनुसार पुलिस थाना छोटा शिमला की टीम नाभाबार स्थित स्टोक्स भवन लिंक रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे तीन युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में उनकी तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार युवकों की पहचान संजू (22) पुत्र शंकर, सूरज (30) पुत्र जंग बहादुर और अर्जुन (22) पुत्र वीर बहादुर के रूप में हुई है। तीनों शिमला के उपनगर संजौली के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा