home page

ठियोग में चिट्टे के दो मामले दर्ज, पांच गिरफ्तार

 | 
ठियोग में चिट्टे के दो मामले दर्ज, पांच गिरफ्तार


शिमला, 13 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चिट्टे के दो मामले दर्ज किए हैं। इन दोनों मामलों में पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे वाले दो वाहनों की तलाशी के दौरान 28.71 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इनमें एक मामले में दो युवकों से 22.6 ग्राम और दूसरे मामले में तीन लोगों से 6.11 ग्राम चिट्टा मिला है।

पहले मामले में पुलिस के स्पेशल सेल की टीम 12 नवंबर की शाम को ढली, कुफरी, फागू और बलग की ओर गश्त पर थी। इस दौरान टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि कोटखाई क्षेत्र के रहने वाले पपिल भूषण और सुरेश चिट्टा बेचने के अवैध कारोबार में शामिल हैं। सूचना में बताया गया कि दोनों शिलाबाग की तरफ से नशीले पदार्थ के साथ आ रहे हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति ने पुलिस को एचपी 63 8414 नंबर की गाड़ी की पहचान करवाई। गाड़ी में दो लोग बैठे थे। पूछताछ में उनकी पहचान कोटखाई निवासी पपिल भूषण (37) और सुरेश (39) के रूप में हुई। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो चालक की सीट के कवर के अंदर छिपाकर रखा गया एक पारदर्शी प्लास्टिक का जिप लॉक पाउच मिला। इसमें भूरे रंग के ठोस टुकड़े और छोटे-छोटे हिस्से थे। इनका वजन 22.6 ग्राम पाया गया। पुलिस ने इसे चिट्टा (हेरोइन) होने के संदेह में कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पपिल भूषण पहले भी एनडीपीएस एक्ट और पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुका है।

दूसरे मामले में पुलिस की डिटेक्शन सेल ठियोग की टीम छैला में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि ठियोग-हाटकोटी सड़क पर एक गाड़ी में तीन लोग बैठकर नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीती रात करीब एक बजे भुई, हुल्ली के पास सड़क किनारे खड़ी एचपी 99-1351 नंबर की फ्रॉन्क्स गाड़ी की जांच की। इसमें तीन युवक बैठे मिले। उनकी पहचान कोटखाई निवासी गुलशन चौहान (27), समरहिल निवासी रितेश धांटा (36) और कोटखाई निवासी उज्ज्वल (31) के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें गुप्त सूचना के बारे में बताया और गाड़ी की नियमानुसार तलाशी ली। इस दौरान आगे की यात्री सीट के नीचे फुट मैट से एक पारदर्शी पॉलीथिन का पैकेट बरामद हुआ। इसमें 6.11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) पाया गया।

पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किए हैं। दोनों मामलों में बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पुलिस जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा