ठियोग में कार सवार से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
शिमला, 25 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को करीब पांच ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को थाना ठियोग की टीम सैंज-सोलन मार्ग पर भोटका मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को जांच के लिए रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार 25 वर्षीय कमल के कब्जे से करीब पांच ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया।
आरोपी की पहचान कमल पुत्र स्वर्गीय करम चंद, निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ ठियोग थाने में मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

