शिमला में बस से चिट्टा बरामद, किन्नौर का व्यक्ति गिरफ्तार
शिमला, 18 सितंबर (हि.स.)। शिमला में पुलिस ने एक बस की तलाशी के दौरान 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुरुवार रात विशेष सैल की टीम ने गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर की। सोलन की ओर से शिमला आ रही बस को रोककर तलाशी ली गई। बस में सीट पर बैठे एक व्यक्ति के पिट्ठू बैग से पारदर्शी प्लास्टिक पाउच मिला। इसमें हल्के भूरे रंग के पदार्थ की दो डलियां थीं। जांच में यह पदार्थ चिट्टा या हेरोइन पाया गया। पुलिस ने पदार्थ का कुल वजन 10 ग्राम बताया है। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय रोहित निवासी किन्नौर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक टीम को सूचना मिली थी कि रोहित बस में चिट्टा लेकर शिमला की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नाकाबंदी की और सोलन की तरफ से आने वाली बस की जांच की। तलाशी के दौरान रोहित के बैग से यह पदार्थ बरामद हुआ।
इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

