कोटखाई में कार से 29.43 ग्राम चिट्टा बरामद, एक गिरफ्तार
शिमला, 09 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के कोटखाई में पुलिस ने एक कार से 29.43 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी गुम्मा बाजार के पास पुलिस गुमटी के सामने कार में मौजूद था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान अंकित वर्मा (33) पुत्र बलदेव सिंह निवासी कोटखाई के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 8 सितंबर को डिटेक्शन सेल ठियोग की टीम गश्त और नशीले पदार्थों की तलाश के दौरान कोकूनाला, कोटखाई क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति गुम्मा बाजार के समीप पुलिस गुमटी के सामने कार में चिट्टा लेकर मौजूद है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 29.43 ग्राम चिट्टा पकड़ा।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में ले लिया और आरोपी के खिलाफ कोटखाई थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

