एचआरटीसी बस में 10.34 ग्राम चिट्टा बरामद, एक गिरफ्तार
शिमला, 28 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से शिमला आ रही एचआरटीसी की एक बस से 10.34 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में शिमला के कृष्णा नगर निवासी सौरव घारु को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था।
पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल की टीम को 26 जुलाई को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि सौरव घारु चंडीगढ़ से शिमला आ रही एचआरटीसी बस में चिट्टा लेकर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शोघी पुलिस चौकी के पास नाकाबंदी कर बस को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी की सीट के नीचे से 10.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

