बस स्टॉप पर चिट्टा सप्लाई से पहले पुलिस की दबिश, पंजाब के दो आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 09 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सदर शिमला पुलिस ने लालपानी बस स्टॉप क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो लोगों को 10 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी भी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शनिवार को स्पेशल सेल शिमला की टीम ने की। टीम सुबह के समय लालपानी बस स्टॉप क्षेत्र में गश्त और निगरानी ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय सूचना मिली कि एक वाहन में सवार दो व्यक्ति शिमला शहर में चिट्टा सप्लाई करने के लिए पहुंचे हैं और लालपानी बस स्टॉप स्थित एक टी स्टॉल के पास मादक पदार्थ की डिलीवरी देने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को टी स्टॉल के पास रोक लिया। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान निशान सिंह निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब और गुरप्रीत सिंह निवासी जिला कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई। पुलिस ने स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 10 ग्राम हेरोइन और नकद राशि बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों को मादक पदार्थ के अवैध कब्जे और परिवहन में शामिल पाया गया। इसके बाद थाना सदर शिमला में धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी शिमला में किस नेटवर्क के जरिए चिट्टा सप्लाई कर रहे थे और उनके संपर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
शिमला पुलिस लगातार नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। खासकर बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों पर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और शहर में चिट्टा तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

