home page

शिमला में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार

 | 
शिमला में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार


शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। शिमला के कोटी और जुन्गा क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई करने के आरोप में पुलिस ने मुख्य सप्लायर को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिमला के जुन्गा निवासी युगराज पुत्र प्यार चंद के रूप में हुई है। वह 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पंजाब में छिपा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

यह मामला 15 और 16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि का है। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर लोअर चक्कर स्थित एक आवासीय कमरे में तलाशी ली थी। इस दौरान वहां रहने वाली हीना नाम की महिला के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इसके बाद 16 अक्टूबर को पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस जांच में युगराज का नाम मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया था। बरामदगी के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी तलाश में शिमला पुलिस की स्पेशल सेल लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर पंजाब के मुकेरियां में उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि युगराज ने चिट्टे की सप्लाई के लिए एक महिला से संपर्क किया था। उसने महिला के क्वार्टर को नशे की सप्लाई का ठिकाना बना रखा था। आरोप है कि वह अपने अन्य साथियों की मदद से शिमला में चिट्टे का कारोबार चला रहा था। उसके अंतरराज्यीय नशा तस्करों के संपर्क में होने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक युगराज का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पंजाब के मोहाली (एसएएस नगर) में 20 ग्राम हेरोइन बरामदगी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चिट्टे की सप्लाई के स्रोतों, उसके अन्य साथियों और शिमला में सक्रिय नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शनिवार को बताया कि मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी से कोटी और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नशा सप्लाई नेटवर्क को झटका लगा है। नशा तस्करी में शामिल लोगों और उनके नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा