home page

हरियाणा रोडवेज की बस में चिट्टे की खेप लेकर जा रहे दो युवक गिरफ्तार

 | 
हरियाणा रोडवेज की बस में चिट्टे की खेप लेकर जा रहे दो युवक गिरफ्तार


शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज की बस में सफर कर रहे शिमला के दो युवकों को पुलिस ने चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी के पास बस की तलाशी ली। इस दौरान दोनों युवकों के कब्जे से करीब 17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान पंकज शर्मा (24) और पियूष चौहान (21), दोनों निवासी सुन्नी जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शुक्रवार शाम को यह कार्रवाई की। गुप्त सूचना मिलने के बाद थाना बालूगंज अंतर्गत शोघी कस्बे के पास हरियाणा रोडवेज की एक बस को जांच के लिए रोका गया। बस में तलाशी के दौरान पंकज शर्मा के कब्जे से करीब नौ ग्राम और पियूष चौहान के पास से करीब आठ ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। धारा 21 मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों और धारा 29 अपराध के लिए उकसाने या आपराधिक साजिश से संबंधित है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा