शिमला में अलग-अलग जगहों से 26 ग्राम चिट्टा बरामद, दो गिरफ्तार
शिमला, 29 सितंबर (हि.स.)। शिमला शहर में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल करीब 26 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की धारा 21 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
पहला मामला शहर के ढली थाना क्षेत्र का है। पुलिस टीम 27 सितंबर को मशोबरा रोड पर दुर्गा माता मंदिर के समीप गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई। पुलिस ने इस दौरान एक वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से एक पॉलीथीन पैकेट बरामद हुआ। इसमें 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) पाया गया।
पुलिस ने इस मामले में अनुराग माजटा को गिरफ्तार किया है। वह शिमला जिला के चौपाल क्षेत्र का मूल निवासी है और वर्तमान में बलदियां, शिमला में रह रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दूसरा मामला बालुगंज थाना क्षेत्र का है। 27 सितंबर को स्पेशल सेल शिमला की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर शोघी पुलिस चौकी के नजदीक गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान दिल्ली से सांगला जा रही एक बस की जांच की गई। पुलिस ने बस में सवार 26 वर्षीय क्षितिज वर्मा निवासी कुल्लू को संदिग्ध गतिविधियां करते हुए देखा।
पुलिस ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसकी सीट के नीचे रखी गोल्ड फ्लेक सिगरेट की डिब्बी में एक पारदर्शी पाउच मिला। पाउच में करीब छह ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने क्षितिज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में भी एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस दोनों मामलों में नशे की आपूर्ति से जुड़े संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

