home page

किराए के कमरे से 8.5 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
किराए के कमरे से 8.5 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 14 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के झाकड़ी थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के किराए के कमरे से 8.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि नशे की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस थाना झाकड़ी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में झाकड़ी बाजार स्थित एक किराए के कमरे की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कमरे से 8.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले में धीरज शर्मा (30) निवासी झाकड़ी, तहसील रामपुर, जिला शिमला और आशीष (39) निवासी तकलेच, जिला शिमला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी उस कमरे में रह रहे थे, जहां से नशीला पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी तथा इसका इस्तेमाल या वितरण किस उद्देश्य से किया जाना था।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा