एचआरटीसी बस में चेकिंग के दौरान 12 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
शिमला, 25 जुलाई (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान एक व्यक्ति को 12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस थाना बालुगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को शोघी पुलिस चौकी के नजदीक स्पेशल सेल शिमला की टीम एचआरटीसी बसों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति पर संदेह हुआ। पुलिस ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो बैग के अंदर रखी माचिस की डिब्बी से 12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अमित ठाकुर (32 वर्ष) निवासी ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में की है। हेरोइन बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालुगंज में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
शिमला पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशा तस्करी से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

