शिमला में दो जगहों से 29 ग्राम चिट्टा बरामद, दो गिरफ्तार
शिमला, 21 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो लोगों को करीब 29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को पुलिस थाना बालूगंज और स्पेशल सेल शिमला की संयुक्त टीम शोघी क्षेत्र में गश्त और जांच पर थी। इस दौरान एक एचआरटीसी बस की तलाशी ली गई। जांच के दौरान एक युवक के कब्जे से 13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुल्लू जिला के निरमण्ड निवासी 19 वर्षीय अजय ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
एक अन्य मामले में 20 जुलाई को पुलिस थाना चिड़गांव की टीम आंध्रा पावर हाउस चिड़गांव के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय मनीन्दर सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले की गहन जांच जारी है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि दोनों मामलों में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था। इस संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

