नेशनल हाइवे पर कार से चिट्टा बरामद, तीन युवक गिरफ्तार
शिमला, 10 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच जिला शिमला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना कुमारसैन की डिटेक्शन टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाइवे)-05 पर कार्रवाई करते हुए एक कार से 9 ग्राम से ज्यादा चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शनिवार को बारूबाग क्षेत्र में की गई। उस समय डिटेक्शन टीम गश्त और निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सवार लोगों के कब्जे से 9 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ। तलाशी की पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय प्रवीण कुमार निवासी धलियार, जिला बिलासपुर, 31 वर्षीय रोहित चौहान निवासी बठारा, तहसील रामपुर और 25 वर्षीय तुषार वर्मा निवासी नवारू, तहसील रामपुर के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस संबंध में थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। जिस वाहन में आरोपी सवार थे, उसे भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश भी की जा रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

