home page

शिमला में स्कूटी सवार दो युवकों से 804 ग्राम चरस बरामद, गिरफ्तार

 | 
शिमला में स्कूटी सवार दो युवकों से 804 ग्राम चरस बरामद, गिरफ्तार


शिमला, 04 जून (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने दो युवकों को 804 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर सुन्नी से शिमला की ओर जा रहे थे, तभी नाकाबंदी के दौरान उन्हें पकड़ा गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को पुलिस थाना सुन्नी की टीम सुन्नी-शिमला सड़क पर घराट नाला के पास नियमित नाकाबंदी और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सुन्नी की ओर से शिमला जा रही एक स्कूटी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार दोनों युवकों के कब्जे से कुल 804 ग्राम चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय भूपेंद्र कुमार और 18 वर्षीय छयाल सिंह के रूप में हुई है। दोनों मंडी जिले के करसोग क्षेत्र के गांव सारोला के रहने वाले हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सुन्नी में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद की गई चरस कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।

जिला शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि शिमला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है तथा नशा तस्करी में शामिल लोगों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। एसएसपी ने लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें अपने क्षेत्र में नशे से जुड़ी किसी गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा