बस में सवार युवक से पकड़ा चिट्टा, गिरफ्तार
शिमला, 11 सितंबर (हि.स.)। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोघी के पास एक बस में सवार युवक से 7.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को स्पेशल सेल शिमला की टीम शोघी चौकी के पास मौजूद थी। इसी दौरान सोलन से शिमला की ओर आ रही एक बस को जांच के लिए रोका गया। बस की तलाशी के दौरान उसमें सवार नीरज कुमार के कब्जे से 7.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक नीरज कुमार (25) सोलन जिला के अर्की का रहने वाला है। बरामदगी के बाद पुलिस थाना बालुगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की आगामी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

