home page

बस में छिपाकर चिट्टा ला रहा था तस्कर, पुलिस ने दबोचा

 | 
बस में छिपाकर चिट्टा ला रहा था तस्कर, पुलिस ने दबोचा


शिमला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सोलन से शिमला आ रही बस में चिट्टा लेकर पहुंच रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने शोघी के पास पकड़ लिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बस को रोककर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से करीब 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान रमन हिमालवी (35) निवासी तहसील ठियोग जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर को स्पैशल सैल शिमला की टीम को सूचना मिली थी कि सोलन से शिमला की ओर आ रही एक बस में रमन हिमालवी चिट्टा लेकर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने शोघी पुलिस चौकी के पास बस को रोककर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार बरामद नशे की मात्रा और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस नशे की तस्करी से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे की सप्लाई और तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में भी पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को चिट्टे के साथ पकड़ा है और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा