शिमला में भांग की अवैध खेती पकड़ी, 1,620 पौधे मिले
शिमला, 24 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के चिडग़ांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने भांग की अवैध खेती का खुलासा कर 1,620 पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके पर 20 पौधों को नमूने के रूप में अपने कब्जे में लेकर सील किया, जबकि बाकी 1,600 पौधों को वहीं नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को चिडग़ांव थाना की टीम को धाकगांव में भांग की अवैध खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में एक जमीन पर कार्रवाई की। मौके पर कुल 1,620 भांग के पौधे अवैध रूप से उगाए हुए पाए गए।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत 20 पौधों को नमूने के तौर पर कब्जे में लिया और उन्हें सील किया। शेष पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई पटवारी, वार्ड सदस्य और रोहड़ू के एसडीपीओ की मौजूदगी में की गई।
पुलिस ने अवैध खेती के मामले में चिडग़ांव निवासी दीवान चंद (46) के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि जमीन पर भांग की खेती किस उद्देश्य से की जा रही थी और इस मामले से कोई अन्य व्यक्ति जुड़ा है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

