रोहड़ू में 31 ग्राम चिट्टे के साथ एक गिरफ्तार
शिमला, 12 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रोहड़ू में एक युवक को 31 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से हेरोइन की तस्करी में शामिल था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा।
यह कार्रवाई पुलिस थाना रोहड़ू की डिटैक्शन टीम ने की। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हन्नी दत्ता नाम का व्यक्ति लंबे समय से चिट्टे की तस्करी में शामिल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने रोहड़ू क्षेत्र में कार्रवाई की और संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया।
पुलिस ने तलाशी ली तो उसके साइड बैग से 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रोहडू निवासी हन्नी दत्ता (28) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास बरामद चिट्टा कहां से आया था और वह इसे आगे किसे सप्लाई करने वाला था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

