home page

शिमला पुलिस ने पंजाब से पकड़ा चिट्टा सप्लायर, इस साल 86 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

 | 
शिमला पुलिस ने पंजाब से पकड़ा चिट्टा सप्लायर, इस साल 86 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार


शिमला, 27 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने पंजाब के संगरूर जिले से एक मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोटखाई में चिट्टा तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर की है। पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक 86 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए गए हैं और नशा तस्करी से जुड़े 64 नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं।

पुलिस थाना कोटखाई में 8 सितंबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत दर्ज मामले में आरोपी अंकित निवासी देवरी-खनेटी तहसील कोटखाई से करीब 29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नशीले पदार्थ के स्रोत का पता लगाने के लिए आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), व्हाट्सऐप चैट और इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (आईपीडीआर) का विश्लेषण किया।

तकनीकी साक्ष्यों से पंजाब के सप्लायर तक पहुंची पुलिस

जांच में पंजाब के संगरूर जिले के गांव मनियाना निवासी सुखपाल सिंह (28) के साथ हेरोइन की खरीद-फरोख्त के संबंध में बातचीत सामने आई। इसके बाद पुलिस थाना कोटखाई की एक विशेष टीम पंजाब भेजी गई। पुलिस टीम ने जांच और प्रयासों के बाद 10 अक्टूबर 2026 को गांव मनियाना से सुखपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है। मामले की जांच जारी है।

तीन साल में मुख्य सप्लायरों पर कार्रवाई बढ़ी

शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में आठ मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए गए थे और चार नशा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किए गए थे। वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायरों की गिरफ्तारी के साथ चार नेटवर्क ध्वस्त किए गए थे।

पुलिस की रणनीति नशे की छोटी खेप पकड़ने के साथ उसके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की पहचान करना है। इसके लिए तकनीकी साक्ष्यों और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मुख्य सप्लायरों और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा