कोटखाई में मालवाहक वाहन से चिट्टा बरामद, दो गिरफ्तार
शिमला, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के कोटखाई में पुलिस ने एक छोटे मालवाहक वाहन में बैठे दो लोगों से 4.28 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला शुक्रवार को दर्ज किया गया। कोटखाई के रावतांपुल के पास छोटा हाथी वाहन नंबर एचपी 12 क्यू 3579 में दो लोग बैठे हुए थे। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक वाहन में सवार संजीव कुमार (40) पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव एवं डाकघर देवरी खानेटी, तहसील कोटखाई, जिला शिमला और परीक्षित कंवर (31) पुत्र बलवंत सिंह निवासी गांव बासा बंटौत, डाकघर देवरी खानेटी, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के कब्जे से 4.28 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
इस मामले में कोटखाई थाने के प्रभारी और उपनिरीक्षक की ओर से दी गई लिखित रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने नियमानुसार बरामद चिट्टे और संबंधित वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक मामले की आगे की जांच कोटखाई थाने के प्रभारी स्वयं कर रहे हैं। जांच के दौरान बरामद मादक पदार्थ और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

