home page

चिट्टा तस्करी में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, करसोग से दबोचा गया

 | 
चिट्टा तस्करी में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, करसोग से दबोचा गया


शिमला, 17 जून (हि.स.)। शिमला जिले में 17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी से जुड़े मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। करीब एक महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने मंडी जिले के करसोग क्षेत्र से जगत राम उर्फ जग्गू को गिरफ्तार किया है। जांच में उसकी भूमिका चिट्टे की खेप की खरीद और उपलब्ध कराने में सामने आई है।

पुलिस के अनुसार थाना सुन्नी में 13 मई को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने 17 ग्राम चिट्टा बरामद किया था।

शुरुआती जांच के दौरान महेश कुमार और मनोरमा देवी को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े वित्तीय लेन-देन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। जांच में पता चला कि करसोग के भथल निवासी 34 वर्षीय जगत राम उर्फ जग्गू का पहले से गिरफ्तार आरोपी महेश कुमार के साथ वित्तीय लेन-देन हुआ था। इसके अलावा चिट्टे की इस खेप की खरीद और उपलब्धता के दौरान दोनों के बीच लगातार संपर्क और सांठगांठ के भी साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जुटाए गए वित्तीय और तकनीकी साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि जगत राम की इस पूरे मामले में अहम भूमिका रही है। जांच में यह भी सामने आया कि उसने महेश कुमार और मनोरमा देवी की मदद से चिट्टे की उक्त खेप की खरीद की थी। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 जून 2026 को सनारली, करसोग से उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले में यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। उनका कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा