home page

बस में चिट्टा ला रहे एक युवती समेत दो गिरफ्तार

 | 
बस में चिट्टा ला रहे एक युवती समेत दो गिरफ्तार


शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। चंडीगढ़ से बस में बैठकर चिट्टा लेकर शिमला आ रहे एक युवक और युवती को पुलिस ने उपनगर शोघी में गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरीफ हुसैन निवासी जम्मू-कश्मीर और नेहा उर्फ सोनू निवासी लोअर कोटी रोहड़ू जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम को शिमला पुलिस के स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि आरीफ हुसैन और नेहा उर्फ सोनू चंडीगढ़ से एक बस में सवार होकर भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शिमला की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने शोघी में नाकाबंदी कर संबंधित बस को रुकवाया और उसकी तलाशी ली। इस दौरान दोनों आरोपियों के पास से 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस अब इस मामले में चिट्टे की खेप के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसे शिमला में किसे सौंपा जाना था। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा