जुब्बल में 33 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब का 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार
शिमला, 04 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जुब्बल में 33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के लुधियाना निवासी 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गोविंद पुत्र बालक राम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 3 नवम्बर को नेहनार-जुब्बल मार्ग पर कार्रवाई के दौरान पकड़ा।
पुलिस के अनुसारजुब्बल थाना की टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत नेहनार-जुब्बल मार्ग पर जांच के दौरान युवक के कब्जे से करीब 33 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ 3 नवम्बर को पुलिस थाना जुब्बल में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है। पुलिस बरामद चिट्टे के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

