home page

शिमला : 915 ग्राम अफीम बरामदगी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

 | 
शिमला : 915 ग्राम अफीम बरामदगी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले में 915 ग्राम अफीम बरामदगी के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ मोटू (43) के रूप में हुई है। उसे 30 अक्टूबर की शाम मटियाना बाजार से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब अफीम की आपूर्ति से जुड़े अन्य संपर्कों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 10 जून 2026 की रात का है। उस दिन रात करीब 10:20 बजे पुलिस थाना सुन्नी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कादरघाट से नौटीखड्ड की ओर करीब दो किलोमीटर आगे सड़क किनारे खड़ी एक ऑल्टो कार में दो व्यक्ति अफीम बेचने के उद्देश्य से मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली। इस दौरान कार के डैशबोर्ड से 915 ग्राम अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम में पॉलिथीन का वजन भी शामिल था।

इस मामले में पुलिस थाना सुन्नी में 11 जून 2026 को एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज किया था। मौके पर पुलिस ने दिनेश कुमार उर्फ दुर्गा सिंह (45) निवासी ठियोग और धर्मेंद्र कुमार हिमराल (35) निवासी सुन्नी को गिरफ्तार किया था।

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच के दौरान अफीम की आपूर्ति से जुड़े पुराने संपर्कों की पड़ताल की गई। इसी जांच में तीसरे आरोपी राकेश कुमार उर्फ मोटू की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे मटियाना बाजार से गिरफ्तार कर लिया। राकेश कुमार शिमला जिले की ठियोग तहसील के गांव छराई का निवासी है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की आगे जांच जारी है और अफीम की आपूर्ति से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा