रोहड़ू में चरस के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
शिमला, 13 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के मैंदली क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को करीब 195 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में भांग बेचने का अवैध कारोबार कर रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस की डिटेक्शन सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसके पास मौजूद कैरी बैग की तलाशी ली। इस दौरान उसमें से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान ओनिक नेगी (19) पुत्र जोगिंदर नेगी निवासी तहसील टिक्कर जिला शिमला के रूप में हुई है। मामले के अनुसार मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि वह मैंदली क्षेत्र में चरस बेच रहा है। सूचना के आधार पर रोहड़ू उपमंडल की डिटेक्शन सेल की टीम ने नियमानुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कैरी बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से करीब 195 ग्राम चरस/भांग बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

