शिमला के चिड़गांव में चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
शिमला, 28 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के चिड़गांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब सात ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चिडग़ांव निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम को चिड़गांव थाना की टीम गश्त पर थी। इस दौरान बडियारा में रोहड़ू-चिड़गांव विभाजन के समीप पुलिस ने अमित को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब सात ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद हुई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

