कोटखाई में कार से चिट्टा बरामद, चार गिरफ्तार
शिमला, 23 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोटखाई नाला क्षेत्र में एक कार सवार चार लोगों को चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब छह ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर को ठियोग उपमंडल की डिटेक्शन सेल की टीम कोटखाई नाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक काले रंग की ऑल्टो कार में चार लोग बैठे मिले। पुलिस ने कार में सवार लोगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब छह ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान रविन्द्र (35), हेम राज (36), राजीव (36) और सुनील कुमार (42) के रूप में की है। चारों शिमला जिले की जुब्बल तहसील के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर कोटखाई थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की आगे जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

