home page

ठियोग में वाहन के अंदर मिला चिट्टा, दो गिरफ्तार

 | 
ठियोग में वाहन के अंदर मिला चिट्टा, दो गिरफ्तार


शिमला, 13 सितंबर (हि.स.)। जिला शिमला के ठियोग उपमंडल के सैंज क्षेत्र में पुलिस ने एक वाहन की तलाशी के दौरान करीब 17 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने वाहन में सवार शिमला के कोटखाई के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था।

पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को डिटेक्शन सेल उपमंडल ठियोग की टीम चायला कैंची क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सैंज क्षेत्र के भोटका मोड़ के पास एक वाहन में दो लोग चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बताए गए वाहन की जांच की।

वाहन में दो लोग सवार मिले। उनकी पहचान मोहित गेटा (34) और किंचित चौहान (36) दोनों निवासी कोटखाई के रूप में हुई।

एसएसपी गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बरामद मादक पदार्थ के स्रोत तथा दोनों आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा