home page

शिमला में चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार

 | 
शिमला में चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार


शिमला, 11 सितंबर (हि.स.)। शिमला पुलिस की स्पेशल सैल टीम ने नशे की तस्करी के एक मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से करीब 7.5 ग्राम चिट्टा या हेरोइन बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना बालुगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार 10 सितंबर को स्पेशल सैल शिमला की टीम गश्त पर थी। इस दौरान एमएलए क्रॉसिंग के पास टीम को सूचना मिली कि दो लोग आपसी मिलीभगत से शिमला के सांगटी क्षेत्र में चिट्टा और हेरोइन की तस्करी करते हैं। सूचना में बताया गया कि दोनों बाहरी राज्य से नशीले पदार्थ की खेप लेकर सांगटी की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बालुगंज चौक से सांगटी रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान कार की सह-चालक सीट के मैट के नीचे एक पारदर्शी पॉलीथीन लिफाफा छिपाकर रखा मिला। लिफाफे से करीब 7.5 ग्राम चिट्टा या हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने इस मामले में शिवराजन धीमान उर्फ शिबू, पुत्र सुरजीत कुमार धीमान, निवासी समरहिल, शिमला और गुलशन कुमार उर्फ गोलू, पुत्र देवराज, निवासी घुमारवीं, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ बालुगंज थाने में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा