कमरे में पुलिस की दबिश, चिट्टे सहित दो धरे
शिमला, 03 अगस्त (हि.स.)। राजधानी शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब आठ ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को पुलिस थाना ढली की टीम गश्त पर थी और क्षेत्र में नशा तस्करी की रोकथाम के लिए निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि दो युवक अपने कमरे में हेरोइन रखकर स्थानीय युवाओं को इसकी आपूर्ति कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से करीब आठ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ठियोग निवासी दीपक वर्मा और संजौली निवासी साहिब सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी है या नहीं। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

