home page

शिमला : दो हफ्तों में सात जगह पकड़ा 157 ग्राम चिट्टा, 15 गिरफ्तार

 | 
शिमला : दो हफ्तों में सात जगह पकड़ा 157 ग्राम चिट्टा, 15 गिरफ्तार


शिमला, 05 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले में पिछले दो सप्ताह के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने लगातार अभियान चलाते हुए सात मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान जिले के अलग-अलग इलाकों से करीब 157 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि कुछ पुलिस रिमांड पर हैं।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक 23 जून को रोहड़ू उपमंडल की डिटेक्शन सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर नालू-महेंदली के पास एक कार की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की पुड़िया से करीब पांच ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जुब्बल निवासी मनोरंजन कुमार, गोपी चंद और रजत औक्टा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। मामले की जांच जारी है।

24 जून को स्पेशल सेल शिमला ने एनएच-05 पर शोघी के पास नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार विशाल महन्ता निवासी चियोग के बैग में रखे जूस के डिब्बे के अंदर से करीब 27 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इसी रात होटल स्वास्तिक इन के पास पुलिस ने बिहार के दरभंगा निवासी सुनील कुमार के बैग से एक सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर रखा गया करीब नौ ग्राम हेरोइन बरामद किया। इस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

प्रवक्ता ने बताया कि 26 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक मोटरसाइकिल की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार पिछली सीट के नीचे छिपाए गए पॉलीथीन पैकेट से करीब 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में विशार्थ आर्यन राणा और काव्या सिंह नेगी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

दो जुलाई को स्पेशल सेल ने घोड़ा चौकी स्थित एक किराये के कमरे की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार कमरे में गद्दे के नीचे से करीब सात ग्राम हेरोइन और 26 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इस मामले में राकेश कुमार निवासी ज्वालामुखी, जिला कांगड़ा और हेमराज निवासी जुब्बल को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी छह जुलाई तक पुलिस रिमांड पर हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा इसी दिन पुलिस थाना सुन्नी क्षेत्र में गौतम निवास, सुन्नी चौक स्थित एक कमरे की तलाशी के दौरान करण गौतम के कब्जे से करीब 13 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर छह जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया।

तीन जुलाई को पुलिस थाना कोटखाई की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक वाहन की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार रक्षित चौहान, राहुल शर्मा और लवली शर्मा के कब्जे से करीब 64 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत ने सात जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि सातों मामलों की जांच जारी है और नशे की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा