चिट्टा सप्लाई देने पहुंचा 22 वर्षीय युवक, पुलिस ने दबोचा
शिमला, 26 जून (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को उस समय पकड़ा गया जब वह शिमला के संजौली थाना अंतर्गत बातीश कॉलोनी क्षेत्र में नशीले पदार्थ की सप्लाई देने पहुंचा था। उसके कब्जे से करीब 8 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने मामले का खुलासा एक हफ्ते बाद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून को स्पेशल सेल शिमला की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि एक व्यक्ति शिमला क्षेत्र में हेरोइन की अवैध तस्करी और सप्लाई के कार्य में संलिप्त है तथा उस समय बातीश कॉलोनी क्षेत्र में नशीले पदार्थ की खेप पहुंचाने आया हुआ है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया। उसकी पहचान चैतन खयोरा (22) पुत्र देवेन्द्र सिंह खयोरा, निवासी गांव लम्बीधार, डाकघर कुफरी, तहसील एवं जिला शिमला के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग 8 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया।
इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 22 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि शिमला जिला में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। नशीले पदार्थों की तस्करी और सप्लाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे मामलों में पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

