home page

शिमला में कार से हेरोइन बरामद, तीन युवक गिरफ्तार

 | 
शिमला में कार से हेरोइन बरामद, तीन युवक गिरफ्तार


शिमला, 15 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला के बालूगंज थाना अंतर्गत शोघी क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से करीब 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रविवार शाम स्पेशल सेल शिमला की टीम उप निरीक्षक अम्बी लाल के नेतृत्व में शोघी पुलिस चौकी के पास गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन में सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से करीब 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इसके बाद पुलिस थाना पश्चिम में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनव शर्मा (21) पुत्र राजीव शर्मा निवासी शिमला, लवेश गोयल (23) पुत्र विजय कुमार निवासी जिला बिलासपुर, जो वर्तमान में शिमला में किराये पर रह रहा है तथा शिवम सरसवाल (23) पुत्र हरदयाल सिंह निवासी शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा