कार में हो रही थी चिट्टे की सौदेबाजी, तीन गिरफ्तार
शिमला, 08 जून (हि.स.)। शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ठियोग क्षेत्र में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी कार में बैठकर चिट्टे की खरीद-फरोख्त करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार 5 जून को पुलिस थाना ठियोग की टीम गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि गजेरी क्षेत्र में सड़क किनारे एक मोड़ पर खड़ी कार में सवार तीन व्यक्ति चिट्टा बेचने और खरीदने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि उनके पास मादक पदार्थ मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार लोगों के कब्जे से 9 ग्राम हेरोइन, जिसे आमतौर पर चिट्टा कहा जाता है, बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय राजेश चौहान निवासी जुब्बल, 29 वर्षीय मानिक सूद निवासी कोटखाई और अंशुल शर्मा निवासी जुब्बल के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में एफआईआर दर्ज की है। मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह के अनुसार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर लेकर मामले की आगे की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही नशा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

