रामपुर में चिट्टे के साथ 30 वर्षीय युवक गिरफ्तार
शिमला, 15 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक के कब्जे से 19.35 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान रामपुर के धार गौरा निवासी खुशवंत (30) पुत्र सतिंदर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार यह बरामदगी 14 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे हुई। डिटेक्शन सेल रामपुर के हेड कांस्टेबल पीयूष राज अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान वजीर बावड़ी ब्रॉ लिंक रोड पर लोअर डकोलर के पास पुलिस ने खुशवंत को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 19.35 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच रामपुर पुलिस कर रही है। बरामद नशीले पदार्थ से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

