हरियाणा रोडवेज की बस में 18 साल के युवक से पकड़ा चिट्टा, गिरफ्तार
शिमला, 09 अगस्त (हि.स.)। शिमला में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बालूगंज थाना अंतर्गत उपनगर शोघी के पास हरियाणा रोडवेज की बस से एक युवक को करीब 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा है। युवक की पहचान प्रदीप कुमार (18) निवासी रामपुर जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और अदालत में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को शोघी के पास हरियाणा रोडवेज की एक बस की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बस में सवार प्रदीप कुमार के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग में छिपाकर रखा करीब 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बालूगंज पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास यह नशा कहां से आया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

