home page

एक किलोग्राम से अधिक चिट्टे के साथ गिरफ्तार तस्कर को चार दिन का पुलिस रिमांड

 | 
एक किलोग्राम से अधिक चिट्टे के साथ गिरफ्तार तस्कर को चार दिन का पुलिस रिमांड


शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। शिमला में करीब छह करोड़ रुपये मूल्य की 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किए गए हरियाणा के 22 वर्षीय आरोपी विजय कुमार को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान पूरे अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन जांच करेगी।

जिला शिमला पुलिस ने इससे पहले आरोपी को तीन अगस्त को शोघी के पास गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया था। आरोपी अंबाला जिले के नारायणगढ़ का रहने वाला है और शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह शिमला में चिट्टे की खेप की डिलीवरी देने आया था। पुलिस के अनुसार वह डिलीवरी लेने वालों के संपर्क में व्हाट्सऐप वीडियो कॉल के माध्यम से था। डिलीवरी होने से पहले ही स्पेशल सेल ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से 1 किलोग्राम 120 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा