शिमला में चिट्टा तस्करी के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, हाईवे किनारे 13 जगह छिपाई थीं पुड़ियां
शिमला, 14 अक्टूबर (हि.स.)। तस्करी के एक मामले की जांच में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर चिट्टा खरीदने, मुख्य आरोपी के ठहरने के लिए होटल की व्यवस्था करने और सप्लायर के बताए बैंक खाते में पैसे जमा करवाने में संलिप्त होने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी चंडीगढ़ और जीरकपुर से करीब 125 ग्राम चिट्टा लाया था। उसने खड़ापत्थर से हाटकोटी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-705 के किनारे 13 स्थानों पर इसकी पुड़ियां छिपाई थीं। पुलिस अब तक इस मामले में कुल करीब 24 ग्राम चिट्टा बरामद कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार मामला पुलिस थाना जुब्बल में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज है। 15 जुलाई, 2026 को डिटेक्शन सेल रोहड़ू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सरस्वती नगर स्थित एक होटल के कमरे की तलाशी ली थी। इस दौरान बिलासपुर जिले के निवासी रविन्दर कुमार उर्फ रवि के कब्जे से करीब 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की।
निशानदेही पर तीन जगहों से मिला अतिरिक्त चिट्टा
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में रविन्दर कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ और जीरकपुर से करीब 125 ग्राम चिट्टा लेकर आया था। उसने खड़ापत्थर से हाटकोटी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-705 के किनारे 13 स्थानों पर चिट्टे की पुड़ियां छिपाई थीं। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तीन स्थानों से करीब 14 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा बरामद किया। इस तरह मामले में अब तक कुल करीब 24 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
पंजाब के सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय आरोपी तक पहुंची जांच
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, व्हाट्सएप और आईपी रिकॉर्ड, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) तथा इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर मुख्य सप्लायर की पहचान की। पुलिस के अनुसार सन्नी सिंह निवासी अबोहर जिला फाजिल्का पंजाब को 25 अगस्त, 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
आगे की जांच में स्थानीय निवासी मोहित कुमार (23) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि उसने रविन्दर कुमार से 20 ग्राम चिट्टा खरीदा था। इसके अलावा उसने रविन्दर के ठहरने के लिए होटल की व्यवस्था की और सप्लायर के बताए बैंक खाते में धनराशि जमा करवाने में भी उसकी संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने मोहित कुमार को 12 अक्टूबर को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी पुलिस थाना जुब्बल में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक अन्य मामला दर्ज है।
इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

