home page

नोटिस पर रिहा हुआ आरोपी चार दिन बाद फिर चिट्टा के साथ पकड़ा गिरफ्तार

 | 
नोटिस पर रिहा हुआ आरोपी चार दिन बाद फिर चिट्टा के साथ पकड़ा गिरफ्तार


शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू में चिट्टा तस्करी के एक मामले में आरोपी को अदालत के आदेश के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले एक मामले में नोटिस पर रिहा किया गया था। इसके कुछ ही दिन बाद वह एक अन्य चिट्टा मामले में भी पकड़ा गया। लगातार दो मामलों में नाम आने और नोटिस की शर्तों का उल्लंघन करने के बाद उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को रोहड़ू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कमल चौहान (31), निवासी रोहड़ू, जिला शिमला के कब्जे से करीब 2 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक इलेक्ट्रॉनिक वज़न मशीन और 7,800 रुपये नकद बरामद किए थे। इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस समय आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर रिहा किया गया था।

पुलिस ने बताया कि इसके केवल चार दिन बाद, 21 फरवरी 2026 को पुलिस थाना चिड़गांव की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान उसी आरोपी के कब्जे से करीब 4.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार दो एनडीपीएस मामलों में शामिल पाया गया। साथ ही उसने धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत जारी नोटिस की शर्तों का भी उल्लंघन किया। इसके बाद पुलिस ने अदालत से आवश्यक आदेश प्राप्त किए।

अदालत से आदेश मिलने के बाद रोहड़ू पुलिस ने 7 जुलाई को कमल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा