home page

चिट्टा तस्करी में दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, बाहरी राज्य से लाई जाती थी ड्रग्स

 | 
चिट्टा तस्करी में दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, बाहरी राज्य से लाई जाती थी ड्रग्स


शिमला, 21 मई (हि.स.)। शिमला पुलिस के नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संजौली इलाके में चिट्टा तस्करी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का कहना है कि पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी के साथ मिलकर दूसरा आरोपी भी बाहरी राज्य से चिट्टे की खेप लेकर आया था। मामले में अब दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक 19 मई को स्पैशल सैल शिमला और शिमला की टीम संजौली क्षेत्र में गश्त और नशा तस्करी पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बाहरी राज्य से चिट्टा लेकर संजौली क्षेत्र में सप्लाई देने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संजौली चौक के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की ऑल्टो के-10 कार को जांच के लिए रोका। पूछताछ में चालक की पहचान 27 वर्षीय सौरभ निवासी धर्मपुर, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 9 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच के दौरान एक अन्य सह-आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी की पहचान 30 वर्षीय हैप्पी चंदेल निवासी बटाड़ा, डाकघर बागड़ी, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि सौरभ और हैप्पी चंदेल दोनों मिलकर चिट्टे की खेप लेकर आए थे।

एसएसपी के अनुसार सह-आरोपी हैप्पी चंदेल को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा