चौपाल में 130 ग्राम चरस के साथ एक काबू
शिमला, 25 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति को 130 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को उस समय की गई जब पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान टीम को एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि एक व्यक्ति क्यारी नाला की ओर मादक पदार्थ बेचने के उद्देश्य से आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्यारी नाला के पास सरायन की ओर से आ रहे संदिग्ध व्यक्ति को रोक लिया।
आरोपी की पहचान चौपाल के शीलन गांव निवासी संत राम के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 130 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में पुलिस थाना चौपाल में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

