जबलपुर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़: 3 महिलाएं सहित 6 आरोपी गिरफ्तार,
जबलपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 महिलाओं सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7 किलो 206 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 60 हजार 300 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह, मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और थाना तिलवारा की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के अनुसार शनिवार को गश्त के दौरान रेलवे स्टेशन गढ़ा के पास चाय ठेले के पास संदिग्ध हालत में खड़े तीन पुरुष और तीन महिलाएं पुलिस को देखकर घबराकर जाने लगे। संदेह के आधार पर घेराबंदी कर उन्हें रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से अलग-अलग पैकेटों में रखा गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर जबलपुर में पियूष कुशवाहा नामक व्यक्ति को बेचने वाले थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

