जबलपुर में सनसनीखेज हत्या: 17 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, 8-10 हमलावर फरार
जबलपुर, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। गढ़ा थाना क्षेत्र के मदनमहल चौक पर 17 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान ऋषभ राजपूत (17) निवासी सिद्धबाबा बस्ती, लाल माटी (थाना घमापुर) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऋषभ बाइक से छोटी लाइन से मेडिकल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मदनमहल क्षेत्र में शुभम अस्पताल के पास पहुंचा, तभी 5 बाइक पर सवार करीब 8 से 10 बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोग उसे तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस और सीएसपी आशीष जैन मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
इसी बीच घटना के कुछ समय बाद करीब 20 वर्षीय एक युवक घायल अवस्था में थाने पहुंचा, जिसे चाकू लगा हुआ था। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घायल युवक मृतक का साथी है या घटना में शामिल आरोपियों में से एक।
पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

