पाटन में बिजली सब स्टेशन पर तैनात ऑपरेटर की धारदार हथियार से हत्या, नाइट ड्यूटी के दौरान बदमाशों ने किया हमला
जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ननवारा स्थित बिजली सब स्टेशन में शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने नाइट ड्यूटी कर रहे आउटसोर्स कर्मचारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी ने जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में आउटसोर्स सब स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे जबलपुर मुख्यालय से लगभग 38 किलोमीटर दूर स्थित ननवारा सब स्टेशन में वह ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने वहां पहुंचकर उस पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गए।
हमले में गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कारणों की आशंका को ध्यान में रखते हुए मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्यारों का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

