home page

टांके में मिली लाश मामले का खुलासा: पति-पत्नी और नाबालिग ने मिलकर की थी युवक की हत्या

 | 
टांके में मिली लाश मामले का खुलासा: पति-पत्नी और नाबालिग ने मिलकर की थी युवक की हत्या


बाड़मेर, 08 अप्रैल (हि.स.)। टांके में मिले 21 वर्षीय युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए पति-पत्नी और एक नाबालिग की संलिप्तता सामने लाई है। आरोपी पति (21) और पत्नी (18) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेजा गया है।

बालोतरा के पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि मामले की शुरुआत नौ मार्च को हुई, जब एक टांके में युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर मोर्चरी में रखवाया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई, इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक दंपति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी पति ने बताया कि मृतक युवक उसकी पत्नी को बार-बार फोन कर परेशान करता था और गांव व परिजनों के बीच उसे अपनी पत्नी बताता था। कई बार समझाने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

पुलिस के अनुसार, आठ मार्च की रात आरोपी दंपति ने एक नाबालिग के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पत्नी ने युवक को देर रात मिलने और शारीरिक संबंध बनाने का झांसा देकर टांके के पास बुलाया। वहां पहले से मौजूद तीनों आरोपियों ने युवक को पकड़कर टांके में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद टांके का ढक्कन बंद कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की है। पूछताछ के बाद पति-पत्नी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के निर्देश पर बाल सुधार गृह भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित