home page

दिल्ली के वजीराबाद में मोबाइल छीनने का विरोध करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या

 | 

नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के दिन उत्तरी दिल्ली के वज़ीराबाद इलाके में मोबाइल फोन और पैसे छीनने की कोशिश का विरोध करने पर कुछ बदमाशों ने 16 वर्षीय देवांश की चाकू मारकर हत्या कर दी।

दिल्ली पुलिस के अनुसार घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है। जब चार अज्ञात युवकों ने वज़ीराबाद मार्केट के पास देवांश और उसके दोस्तों को घेर लिया। बदमाशों ने उसका फोन और पैसे छीनने का प्रयास किया, तो देवांश ने इसका विरोध किया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि देवांश के विरोध के दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर उसके सीने में वार कर दिया जिसके बाद आरोपी फोन और पैसे लेकर मौके से फरार हो गए। हमले के तुरंत बाद देवांश के दोस्त उसे घायल अवस्था में पास के एक निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

देवांश के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि घटना के वक्त सभी लोग दीपावली की सजावट में व्यस्त थे और देवांश बाजार से और पटाखे खरीदने निकला था उसी दौरान कुछ बदमाशों ने देवांश को रोककर उससे पैसे और फोन छीनने की कोशिश की।

परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया, जिसके बाद उसे सिविल लाइंस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, इस घटना से संबंधित मामला दर्ज कर लिय़ा गया है और जांच शुरू कर दी गयी है।

पुलिस के मुताबिक घटना से जुड़े एक संदिग्ध हमलावर के भाई को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी