home page

जबलपुर : खेत में मिला नर कंकाल, पास में पड़ा था नरमुंड; पुलिस जांच में जुटी

 | 
जबलपुर : खेत में मिला नर कंकाल, पास में पड़ा था नरमुंड; पुलिस जांच में जुटी


जबलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरेला थाना क्षेत्र की गौर चौकी अंतर्गत उमरिया गांव में शुक्रवार को खेत में नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। डेयरी के पास खेत में कंकाल जैसी वस्तु पड़ी होने की सूचना दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही गौर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौके से मानव कंकाल का निचला हिस्सा मिला। हड्डियों में पैंट जैसा कपड़ा फंसा हुआ था, जबकि कुछ दूरी पर नरमुंड भी पड़ा मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

कंकाल की पहचान के लिए पुलिस ने उमरिया गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटानी शुरू कर दी है।

मर्ग कायम, जांच रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने मर्ग कायम कर कंकाल को चिकित्सकीय जांच के लिए भेज दिया है। कंकाल कितना पुराना है और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच और डॉक्टरों की रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। मृतक की पहचान के साथ ही पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कंकाल खेत तक कैसे पहुंचा और मौत किन परिस्थितियों में हुई।

फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कंकाल की पहचान करने में जुटी है। पहचान होने के बाद ही मामले की आगे की जांच की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक